Wednesday, January 30, 2013

bhado majhi


महिला नेतृत्व का लोहा, शहर का एनजीओ यूएन में विशेष सलाहकार




भादो माझी, जमशेदपुर : यह जानकर आपको कैसा लगेगा कि बिरसानगर की नागेश्वरी हेम्ब्रम.. यानी एक आदिवासी महिला संयुक्त राष्ट्र को गरीबों के उत्थान हेतु जरूरी कदम उठाने को सलाह देगी और उसकी सलाह संयुक्त राष्ट्र के लिए अहम भी होगी। जाहिर है कि खुशी होगी। ..तो खुश हो जाइए क्योंकि नागेश्वरी हेम्ब्रम ने शहर की एक अन्य महिला संगीता रानी के साथ लौहनगरी को एक खास उपलब्धि से जोड़ा है। यह उपलब्धि है संयुक्त राष्ट्र की सलाहकार मंडली में शामिल होने की। सलाहाकार का विशेष दर्जा प्राप्त करने के बाद अब शेयर (सोशल एंड हेल्दी एक्शन फॉर रूरल इंपावरमेंट) नाम से संचालित गैर सरकारी संस्थान की अध्यक्ष, यानी नागेश्वरी हेम्ब्रम व सचिव संगीता रानी संयुक्त राष्ट्र के एनजीओ परिषद की बैठकों में हिस्सा ले सकेंगी और सलाह देने के साथ-साथ बयान भी जारी कर सकेंगी। दरअसल, 'शेयर' भारत के उन छह एनजीओ में शामिल है जिन्हें इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र ने सलाहकार का दर्जा दिया है। यह उन एनजीओ में शामिल है जो महिलाओं, दलित और गरीबों के उत्थान के लिए काम करते हैं। 'शेयर' संस्था झारखंड की ऐसी एकमात्र एनजीओ है जिसे यह गौरव हासिल हुआ है। दो दिन पूर्व संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के अंतर्गत एनजीओ संबंधी समिति की ओर से शेयर को सलाहकार मंडली में शामिल करने की स्वीकृति दी गई।
आदिवासी गांवों की सूरत बदल आए यूएन की नजर में
सोशल एंड हेल्दी एक्शन फॉर रूरल इंपावरमेंट (शेयर) पोटका के 17 आदिवासी बहुल सुदूर गांवों में महिला सशक्तीकरण व आदिवासी उत्थान का काम करता है। पहाड़पुर, चिरुगोड़ा, खान देवली, बड़ा देवली, बाड़ेडीह, माको सरीखे गांवों की तस्वीर बदलने में 'शेयर' का खास योगदान रहा। इस योगदान को देखते हुए शेयर संस्था पर संयुक्त राष्ट्र ने दिलचस्पी दिखाई। संयुक्त राष्ट्र ने भारत के दूरदराज वाले पर्वतीय क्षेत्र (वन क्षेत्रों) में सुविधा से वंचित लोगों के लिए काम करने वाले एनजीओ की श्रेणी में शेयर को सलाहकार का दर्जा दिया।
-----------
संयुक्त राष्ट्र ने यह माना कि हमारे प्रयास से कुछ घर रोशन हुए, महिलाएं सशक्तीकरण की ओर बढ़ीं। यूएन सलाहकार मंडली में शामिल होना न सिर्फ हमारे लिए, बल्कि पूरे राज्य व राष्ट्र के लिए गौरव की बात है।
- नागेश्वरी हेम्ब्रम, अध्यक्ष- शेयर
------------
हमारे काम को देश के श्रेष्ठ छह संस्थाओं के समतुल्य माना गया, यह गर्व की बात है। हमारा प्रयास रहेगा कि पोटका क्षेत्र में एक भी घर ऐसा न बचे, जिसे वंचित कहा जाए। वंचितों को सुविधा पहुंचाना ही हमारे लिए पुरस्कार है।
संगीता रानी, सचिव-शेयर

No comments:

Post a Comment